अहिल्याबाई की आरती
अहिल्याबाई की आरती
जय अहिल्या बाई ! माँ,जय अहिल्या बाई !!
दया धर्म की मूरत , शिव की अनुयायी ।।जय----
जन्म मानको के घर, चौंडी में पाया ।
ससुर मल्हार होल्कर,पति खंडे राया ।।जय----1
सहे निजी जीवन में , तुमने दुख भारी ।
बनीं लोक माता तुम, जन-जन दुख हारी ।।जय---2
तीस वर्ष मालव पर , तुमने राज किया ।
हर प्राणी संरक्षित, सुख के साथ जिया ।।जय----3
तुमने राघोवा के , दर्प हरे सारे ।
समर भूमि में तुमसे ,चन्द्रावत हारे ।।जय---4
हत्या लूट जहाँ थी , पेशे गत जारी ।
वश में किये शक्ति से,तुमने पिंडारी ।।जय----5
मुख पर दिव्य अलौकिक,शोभा कल्याणी ।
धनगर वंश शिरोमणि , जनप्रिय महारानी ।।जय---6
यश-प्रताप परहित का,जब जग में छाया ।
महा विरुद जीते जी , ”पुण्यश्लोक”पाया ।।जय----7
ग्रंथ कार करते हैं , शब्दों से पूजा ।
प्रजा परायण तुम-सा, हुआ नहीं दूजा।।जय----8
तुम-सा शासक कोई , भारत फिर पावे ।
रोज़ी-रोटी छत हो , मन का डर ,जावे ।।जय---9
माँ तेरी यश गाथा , कवि ‘दीपक’ गाए ।
कलयुग की देवी को ,जग शीश झुकाए ।।जय---10
लेखक- शिव कुमार ‘दीपक’
बहरदोई, सादाबाद
हाथरस (उ० प्र०)
मो०- 8126338096
Comments
Post a Comment